आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर-मस्तूरी)मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुकदा में वर्ष 2023 से संचालित हाई स्कूल गंभीर अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। विद्यालय में न पर्याप्त शिक्षक हैं, न पर्याप्त भवन और न ही शाला संचालन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके चलते कक्षा 9वीं और 10वीं के कुल 102 विद्यार्थियों को एक ही छोटे कमरे में बैठकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय प्रारंभ हुए दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक शिक्षकों के रिक्त पद नहीं भरे गए हैं। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य अधूरा रह गया है।

विद्यालय को शाला अनुदान नहीं मिलने के कारण रखरखाव भी प्रभावित है। टेबल-कुर्सी, पंखे, लाइट, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। भीषण गर्मी और अव्यवस्थित माहौल में विद्यार्थियों को पढ़ाई करनी पड़ रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे विद्यालय की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय में शीघ्र अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, नए भवन का निर्माण कराया जाए तथा लंबित शाला अनुदान तत्काल जारी किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके और उनके भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।