देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा)छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर कोरबा जिले में आज विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिले के शिक्षक संवर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

प्रदेश संयोजक कमल वर्मा, जिला संयोजक तरुण राठौर एवं उपसंयोजक विपिन यादव के नेतृत्व में आयोजित इस आक्रोश रैली में जिले के समस्त विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी है।

छत्तीसगढ़ राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष, सीएसी संघ कोरबा के संरक्षक तथा छत्तीसगढ़ राज्य व्याख्याता पदोन्नत समिति के प्रदेश संचालक मुकुंद केशव उपाध्याय ने जिले के सभी सीएसी, व्याख्याता, शिक्षक एवं सहायक शिक्षकों से रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक संवर्ग ने संगठन के प्रत्येक आंदोलन में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। कर्मचारियों की एकजुटता ही किसी भी आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत होती है। ऐसे में सभी शिक्षक साथियों और बहनों को अपने व्यस्त समय में से कुछ समय निकालकर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि कोरबा जिले का शिक्षक संवर्ग अपनी एकजुटता और सकारात्मक सहभागिता से इस आक्रोश रैली को ऐतिहासिक सफलता दिलाएगा।

रैली का आयोजन आज दोपहर 1 बजे घंटाघर ओपन थिएटर के पास, कोरबा में किया जाएगा।