आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर)मस्तूरी विकासखंड की ग्राम पंचायत धनगवां में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत डबरी निर्माण कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं संबंधी प्राप्त शिकायत पर जिला प्रशासन द्वारा जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

प्राप्त शिकायत के अनुसार वर्ष 2021-22 से मई 2025-26 तक ग्राम पंचायत धनगवां में मनरेगा मद से किए गए हितग्राही मूलक डबरी निर्माण कार्यों में लगभग 2 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत आवेदन में कुछ डबरियों के केवल अभिलेखों में दर्शाए जाने तथा उनके स्थल पर मौजूद नहीं होने का उल्लेख किया गया है। साथ ही फर्जी मास्टर रोल, फर्जी मूल्यांकन एवं सत्यापन के माध्यम से शासकीय राशि के आहरण का आरोप भी लगाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जनपद पंचायत मस्तूरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी, मनरेगा को प्रकरण की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की जाएगी। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत यदि किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन पारदर्शिता, जवाबदेही एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी शिकायतों का विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।