विद्यार्थियों ने गुरुजनों का किया सम्मान, गीत-कविता व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) गेवरा बस्ती स्थित ज्ञान भारती विद्यालय में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए की गई।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय के सभी शिक्षकों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के व्यवस्थापक एवं डायरेक्टर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सबसे महत्वपूर्ण होता है। गुरु ही विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाते हुए उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, भाषण, कविता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में व्यवस्थापक द्वारा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हेड मास्टर निर्मला जायसवाल सहित बेहुला, पूर्णिमा अघरिया, कृष्ण प्रसाद, नेहा, निर्मलजीत, कांक्षा, प्राची, श्वेता, पूर्णिमा, रेणुका, प्रियंका, रंजीता, मुस्कान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।