देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा) जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा जंगल में जंगली हाथी के हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। जंगल के रास्ते ट्रैक्टर से गुजर रहे ग्रामीणों का अचानक एक विशालकाय हाथी से सामना हो गया। हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए उस पर हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर में सवार सभी ग्रामीण सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


जानकारी के अनुसार, ग्रामीण किसी काम से ट्रैक्टर लेकर जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने हाथी आ गया। हाथी को सामने देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के इंजन की आवाज और ग्रामीणों के शोर से हाथी विचलित हो गया। इसके बाद उसने आक्रामक रुख अपनाते हुए ट्रैक्टर पर हमला कर दिया और उसे नुकसान पहुंचाया।


घटना के बाद हाथी वापस जंगल की ओर चला गया। हाथी के हटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीण काफी भयभीत हैं।


गौरतलब है कि कोरबा जिले के वनांचलों में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को आए दिन सतर्कता बरतनी पड़ती है। जंगल के रास्तों से आवागमन करने वाले लोगों के लिए हाथियों का सामना करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। जिल्गा जंगल की इस घटना ने एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वन क्षेत्र में आवाजाही के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।