चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में राजकिशोर नगर स्थित ओम पैलेस में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और संगठनात्मक एकजुटता का मंच बना। समारोह में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने विधायक सुशांत शुक्ला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके विधायक बनने के बाद बेलतरा विधानसभा में सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को नई गति मिली है।

तीजा तिहार, बेलतरा महोत्सव और दीपावली स्नेह मिलन जैसे आयोजनों से विभिन्न समाजों को एक मंच पर आने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र में इस तरह के अनेक आयोजन देखने को नहीं मिलते थे। इन कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि दीपावली प्रेम, विश्वास, सद्भाव और आत्मीयता का पर्व है। बेलतरा विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके लिए अपना परिवार है। वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का उत्साह, मातृशक्ति का स्नेह और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों को करीब लाने और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने का माध्यम हैं। सभी के स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया।

समारोह में संगीतमय प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। विधायक शुक्ला ने उपस्थितजनों के साथ स्नेहभोज में शामिल होकर आत्मीय संवाद किया और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला भाजपा अध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समाज प्रमुख, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह ने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक सहभागिता का संदेश दिया।