सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोरबी में भूमि के कथित फर्जी ऑनलाइन नामांतरण का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चौकी कोरबी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसकी पैतृक भूमि का रिकॉर्ड कथित रूप से फर्जी तरीके से बदलकर दूसरे व्यक्ति के नाम पर ऑनलाइन दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।


शिकायतकर्ता गनपत सिंह पैकरा, पिता जजमान सिंह पैकरा, निवासी कोरबी ने बताया कि खसरा नंबर 450/5, पंजीयन हल्का नंबर 15 स्थित लगभग 0.405 हेक्टेयर भूमि लंबे समय से राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज थी। लेकिन वर्तमान में ऑनलाइन भुईयां पोर्टल पर उक्त भूमि नागरसिंह, पिता मानसिंह के नाम पर प्रदर्शित हो रही है।


गनपत सिंह का आरोप है कि तत्कालीन पटवारी की आईडी का दुरुपयोग या हैकिंग कर फर्जी तरीके से ऑनलाइन रिकॉर्ड में बदलाव किया गया है। उन्होंने इसे गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों के नाम उन्होंने शिकायत में दर्ज कराए हैं, उनसे उन्हें और उनके परिवार को खतरा है, जिससे वे भयभीत हैं।


मामले की शिकायत मिलने के बाद कोरबी चौकी पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि शिकायत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


भूमि अभिलेखों में कथित अनियमितता और ऑनलाइन रिकॉर्ड से जुड़े इस मामले ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रिकॉर्ड में बदलाव तकनीकी त्रुटि का परिणाम है या किसी फर्जीवाड़े के तहत किया गया है।