सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चाम्पा) बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल में वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में आगामी 15 अगस्त को ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे से आयोजित होगा। बहेराडीह क्षेत्र की स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित करने का यह लगातार चौथा वर्ष है।

किसान स्कूल बहेराडीह के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और प्रोत्साहन के अभाव में अनेक प्रतिभाएं अपनी पहचान नहीं बना पातीं। ऐसे में किसान स्कूल द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके सामाजिक सरोकारों और ग्रामीण प्रतिभाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी याद करने का अवसर होगा। आयोजन के दौरान चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

किसान स्कूल परिवार ने क्षेत्र के नागरिकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजन को लेकर किसान स्कूल परिवार द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।