अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)पुलिस अधीक्षक कोरबा को दिए आवेदन में रवि साहू, दीपक साहू एवं राजेश साहू ने गुलाम मेमन पिता हाजी अमीन मेमन, निवासी पावर हाउस रोड, कोरबा द्वारा 18 अगस्त 2026 को प्रस्तुत शिकायत को झूठा, भ्रामक एवं मनगढ़ंत बताते हुए निष्पक्ष जांच तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


आवेदकों का आरोप है कि शिकायत में उन पर अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी का लोहा खपाने और सिंडिकेट संचालित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि वर्तमान में उनके द्वारा किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार नहीं किया जा रहा है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने मानिकपुर चौकी, कोतवाली थाना, बालको पुलिस सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों पर कथित सांठगांठ के आरोप लगाकर पुलिस विभाग एवं शासन की छवि खराब करने का प्रयास किया है।


रवि साहू ने आरोप लगाया कि पूर्व में वह नियमानुसार पुराने वाहन पार्ट्स की खरीद-बिक्री से संबंधित कबाड़ का छोटा व्यवसाय करता था, जिसे जिले में कबाड़ कारोबार बंद किए जाने के बाद बंद कर दिया गया। उनका आरोप है कि शिकायतकर्ता द्वारा उनसे पूर्व में कई बार पैसे की मांग की गई और वर्तमान में पैसा देने से इनकार करने पर उनके विरुद्ध शिकायत की गई।


आवेदक ने दावा किया कि उसके पास कथित पैसों की मांग एवं धमकी से संबंधित ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जिसे जांच के दौरान पुलिस को सौंपा जाएगा। आवेदन में परिवार को किसी प्रकार की क्षति होने पर शिकायतकर्ता को जिम्मेदार ठहराते हुए सुरक्षा की भी मांग की गई है।


आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की सत्यता सामने लाने तथा यदि शिकायत झूठी एवं दुर्भावनापूर्ण पाई जाए तो भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज एवं पुलिस महानिदेशक, रायपुर को भी भेजी गई है।