चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) सिरगिट्टी ओवरब्रिज की बदहाल सड़क एवं लंबे समय से बंद पड़े स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा लगातार आवाज उठाए जाने के बाद अब ओवरब्रिज में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है।

सिरगिट्टी ओवरब्रिज में सड़क की खराब स्थिति, जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ एवं रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ओवरब्रिज में 18 स्ट्रीट लाइट लगाए जाने के बावजूद लंबे समय से एक भी लाइट चालू नहीं थी। इस गंभीर समस्या को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने जिम्मेदार विभाग एवं प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया था।

  छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार पाली ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने का परिणाम अब सामने आने लगा है। ओवरब्रिज में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू होना जनता की आवाज की जीत है।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला संयोजक मनोज कौशिक ने कहा कि यह सिर्फ एक काम की शुरुआत है। सिरगिट्टी ओवरब्रिज की सड़क की खराब स्थिति, गड्ढों एवं कीचड़ की समस्या का भी तत्काल स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। केवल लाइट लगाने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी, बल्कि ओवरब्रिज की सड़क की गुणवत्ता की जांच कराकर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना बिल्हा के ब्लॉक अध्यक्ष नागेश साहू ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जनता अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाए। जब जनता अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाती है, तो शासन-प्रशासन को समस्याओं का समाधान करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।