देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत बनाने और खेल एवं खिलाड़ियों के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार एवं प्रभारी महासचिव मलकित सिंह गैटू की अनुमति से दोनद्रो बेलाकछार, बालको, जिला कोरबा निवासी गोपाल दास महंत को कांग्रेस कमेटी खेलकूद प्रकोष्ठ का ग्रामीण जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

जारी नियुक्ति आदेश में उनसे अपेक्षा की गई है कि वे खेल एवं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की नीति, रीति, परंपराओं एवं सिद्धांतों का पालन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नियुक्ति आदेश के अनुसार गोपाल दास महंत को सभी वर्गों के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संगठन से जोड़ते हुए 15 दिनों के भीतर जिला कार्यकारिणी गठित कर उसकी सूची अनुमोदन के लिए प्रदेश कार्यालय भेजनी होगी। यह नियुक्ति तत्काल प्रभावशील कर दी गई है।

गोपाल दास महंत की इस नियुक्ति पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अब उनसे जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच दिलाने की उम्मीद की जा रही है।