दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पंप हाउस एवं स्वामी आत्मानंद कन्या विद्यालय, साडा में परिवहन एवं यातायात विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने की जानकारी दी गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर आमजन को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

रैली में बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर आकर्षक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने "दुर्घटना से देर भली", "सावधानी में ही सुरक्षा है", "लाल बत्ती पर रुकना सीखो, अपना जीवन जीना सीखो" जैसे प्रेरक नारों का उद्घोष करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय सतर्कता और अनुशासन आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस जागरूकता अभियान को विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों का सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ।