देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा-बालको नगर)आस्था, श्रद्धा और समर्पण की अनूठी मिसाल बालको नगर में देखने को मिली है। 90 वर्ष की उम्र में भी भगवान श्रीराम के प्रति अटूट भक्ति रखने वाली बहुरा बाई ने अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को 1 किलो 39 ग्राम वजन का भव्य चांदी का मुकुट भेंट किया। उनकी इस अनूठी भेंट की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।

बहुरा बाई वार्ड क्रमांक 40 के पार्षद रजत खूंटे की दादी हैं। भगवान श्रीराम के प्रति उनकी गहरी आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के दौरान भी अपनी जीवनभर की जमा पूंजी में से 1 लाख रुपये की राशि दान स्वरूप समर्पित की थी। अब उन्होंने परिवार के साथ अयोध्या धाम पहुंचकर चांदी का मुकुट राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ सौंपा।

इस अवसर पर उनके पोते एवं वार्ड क्रमांक 40 के पार्षद रजत खूंटे सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बहुरा बाई के इस भक्तिभाव और उदारता की सराहना करते हुए पूरे परिवार को आशीर्वाद दिया।

नई पीढ़ी के लिए बनीं प्रेरणा

बहुरा बाई के इस समर्पण से बालको नगर सहित पूरे कोरबा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। 90 वर्ष की आयु में भी उनकी अटूट श्रद्धा और दानशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनका यह योगदान नई पीढ़ी को धार्मिक आस्था, पारिवारिक संस्कार और सेवा भावना का संदेश देता है। पार्षद रजत खूंटे ने इसे अपने परिवार के लिए परम सौभाग्य और गौरव का क्षण बताया।