भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा)जिले के SECL कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर स्थित जेआरसी (जूनियर रीक्रिएशन क्लब) भवन की कर्मचारियों से हो रही सदस्यता शुल्क कटौती को लेकर कोयला मजदूर सभा के क्षेत्रीय कल्याण सभा सदस्य निरंजन सिंह ने कुसमुंडा स्टाफ अधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

पत्र में उन्होंने कहा है कि कुसमुंडा क्षेत्र के कर्मचारियों के मनोरंजन एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए जेआरसी क्लब का संचालन किया जाता रहा है। इसके लिए कर्मचारियों के वेतन से नियमित रूप से सदस्यता शुल्क की कटौती की जा रही है। लेकिन वर्तमान में प्रबंधन द्वारा क्लब भवन को त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (TSR) के जवानों को सुपुर्द कर दिया गया है। जवानों की तैनाती और आधिपत्य के कारण सामान्य कर्मचारी एवं उनके परिवार क्लब का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

निरंजन सिंह ने कहा कि जब कर्मचारी क्लब की सुविधाओं और गतिविधियों का लाभ ही नहीं उठा पा रहे हैं, तो उनके वेतन से सदस्यता शुल्क की कटौती करना अनुचित और अतार्किक है। उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि कर्मचारियों के मासिक वेतन से जेआरसी सदस्यता शुल्क की कटौती पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।

उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जब तक क्लब को पुनः कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के उपयोग के लिए बहाल नहीं किया जाता, तब तक शुल्क कटौती स्थगित रखी जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन कर्मचारी हित में मामले पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।