चितरंजन कुमार प्रसाद रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा)कोरबा जिला के विकासखंड पाली अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला शांतिनगर संकुल केंद्र बोईदा में दीपावली मिलन समारोह एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच श्री संजय राज उपस्थित रहे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री तुलाराम सिदार ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मांँ सरस्वती वंदना,मांँ लक्ष्मी पूजन एवं आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं पालकों का मन मोह लिया। सरपंच संजय राज एवं अध्यक्ष तुलाराम सिदार द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन राशि देकर उनके मनोबल बढ़ाया गया। सरपंच संजय राज ने अपने उद्बोधन में दीपावली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए बच्चों को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सालत पवन समिति के अध्यक्ष तुलाराम सिदार ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में शिक्षक, पालक एवं समाज की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

दीपावली मिलन समारोह के साथ ही शाला प्रबंधन समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में आगामी अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी, विद्यालय के रखरखाव, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बच्चों की शैक्षणिक प्रगति तथा अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं विद्यालयीन विषयों पर समिति के सदस्यों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय एवं पालकों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

 विभाग की मंशा को ध्यान में रखते हुए सभी बच्चों को 25 तक पहाड़ा याद कराने प्रधान पाठक मनोज चौबे ने विशेष पहल करते हुए 25 तक पहाड़ा का फ्लेक्स बनवाकर बच्चों को दिया गया ताकि पहाड़ा याद करने में सुविधा हो।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, बच्चों एवं ग्रामीणजनों को स्वल्पाहार के साथ प्रसाद वितरण किया गया। इस प्रकार दीपावली मिलन समारोह एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक उत्साह, आत्मीयता एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। इस आयोजन ने विद्यालय और समाज के बीच आपसी सहयोग, प्रेम एवं सौहार्द को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक मनोज चौबे एवं आभार प्रदर्शन शिक्षक संतोष यादव ने किया।


इस अवसर पर संजय राज सरपंच, तुलाराम सिदार अध्यक्ष,रामकृष्ण पटेल, रघुवर सिंह कंवर,चंद्र प्रकाश पटेल,रामेश्वर पटेल,सोहन पटेल,महेत्तर प्रजापति,अम्बिका प्रसाद राघव,कमला बाई,गायत्री, सुना बाई, रम्हौतिन बाई, श्याम बाई,दुखनी बाई शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


मनोज चौबे 

जिला अध्यक्ष  छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला कोरबा