भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) सर्वमंगला मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर जोड़ा पुल के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से दो नंदी बैलों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल देखने को मिला।


स्थानीय लोगों के अनुसार, जोड़ा पुल के आसपास सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। अंधेरे के बीच भारी वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है और कई वाहन चालक निर्धारित गति सीमा की अनदेखी करते हुए तेज गति से गुजरते हैं।


स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के साथ ही भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण जरूरी है।


नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जोड़ा पुल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने, भारी वाहनों की गति की निगरानी करने तथा सड़क पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।