दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा-बालको)रथ यात्रा के पावन अवसर पर ग्राम भारती सरस्वती शिशु मंदिर, शिवनगर रूमगरा परिसर में प्रस्तावित माँ सरस्वती मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में आयोजित यह कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा जगत से जुड़े पदाधिकारियों, विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा क्षेत्र के अनेक नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद नरेंद्र देवांगन तथा विशिष्ट अतिथि नरेश जायसवाल थे। मंच पर वीरेंद्र कुमार सिंह एवं गोरेलाल चंद्रा भी उपस्थित रहे। वैदिक विधि-विधान के अनुसार भूमिपूजन की रस्म नरेश जायसवाल के मार्गदर्शन में संपन्न कराई गई।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय परिसर में बनने वाला माँ सरस्वती मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम भी बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्यों के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्य अतिथि नरेंद्र देवांगन ने विद्यालय के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों को मजबूत बनाना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यालय की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में फागुराम खैरवार, शिवलाल सिंह, गोरेलाल चंद्रा, वीरेंद्र मिश्रा, कृष्णा यादव, भरत पाल, ऋतु साहू, जमुति कश्यप, सुशीला सहित बड़ी संख्या में नागरिक, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर निर्माण के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे शिक्षा, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। आयोजन का समापन मंगलकामना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।