सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय कोरबी-चोटिया में शिक्षकों की कमी और विद्यालय की अन्य समस्याओं को लेकर विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई मांग के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय नजर आ रहा है। विद्यार्थियों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने के साथ-साथ विद्यालय के प्राचार्य एस.के. दिनकर को हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा एवं पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज बंजारे को आवेदन सौंपा था।

31 अगस्त को एसडीएम से मिले विद्यार्थी

विद्यार्थियों ने 31 अगस्त 2026 को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम मनोज बंजारे से मुलाकात की और विद्यालय से जुड़ी अपनी समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होने तथा प्राचार्य को हटाने की मांग सहित अपनी अन्य समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

इसके बाद 1 सितंबर 2026 को स्कूल शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा एवं एसडीएम मनोज बंजारे के निर्देशन में एक विकासखंड स्तरीय अधिकारी विद्यालय पहुंचा। सूत्रों अनुसार अधिकारी ने विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं को लेकर लिखित बयान लिया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। साथ ही प्राचार्य एस.के. दिनकर को भी फटकार लगाई और कहा विधार्थियों से सम्बंध सही रखें।

तीन विषयों में मानदेय व्याख्याताओं की भर्ती

विद्यार्थियों की शिकायत के बाद अब विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में कदम उठाया गया है। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय कोरबी-चोटिया में मानदेय व्याख्याताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

विद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विषयों के लिए मानदेय व्याख्याताओं का चयन किया जाना है। इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।

भर्ती के लिए इन विषयों में व्याख्याताओं की आवश्यकता बताई गई है—

1. हिन्दी – मानदेय व्याख्याता

2. राजनीति शास्त्र/इतिहास – मानदेय व्याख्याता

3. भूगोल/अर्थशास्त्र – मानदेय व्याख्याता

इन पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर (PG) के साथ बी.एड. योग्यता निर्धारित की गई है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्थानीय योग्य अभ्यर्थियों को अवसर देने की बात कही गई है, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ विद्यार्थियों को भी लाभ मिल सके।

चक्काजाम हुआ स्थगित

विद्यालय में शिक्षकों की कमी और प्राचार्य एस.के. दिनकर को हटाने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने SH-15 पर चक्काजाम करने की तैयारी की थी। लेकिन विद्यार्थियों द्वारा अधिकारियों से मुलाकात करने, अपनी समस्याएं बताने और शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद प्रस्तावित चक्काजाम को स्थगित कर दिया गया है।

अब विद्यार्थियों की नजर शिक्षा विभाग की आगे की कार्रवाई पर है। विद्यार्थियों को उम्मीद है कि शिक्षकों की कमी दूर होने के साथ उनकी अन्य मांगों पर भी विभाग द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।