कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) एक ओर शासन-प्रशासन लोगों को स्वच्छता अपनाने और स्वच्छ वातावरण में रहने के लिए जागरूक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जीपीएम जिले के पेंड्रा जनपद अंतर्गत ग्राम नवागांव में शासन-प्रशासन की नाक के नीचे कीचड़ के बीच साप्ताहिक बाजार लग रहा है। बाजार की बदहाल व्यवस्था से दुकानदारों और खरीदारी करने पहुंचने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नवागांव में गुरुवार बाजार की परंपरा कई दशकों पुरानी है। यहां प्रत्येक गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और दुकानदार पहुंचते हैं। बाजार में दुकान लगाने वाले व्यवसायियों से टैक्स की वसूली भी की जाती है। इसके बावजूद बाजार परिसर में मूलभूत सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है।

बारिश के बाद बाजार परिसर में जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा हो जाता है। हालात यह हैं कि लोगों को बाजार में चलने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सब्जी सहित अन्य आवश्यक सामान खरीदने आने वाले ग्रामीणों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। फिसलन के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है।


गौरतलब है कि नवागांव में हाई स्कूल, शासकीय स्वास्थ्य केंद्र, पोस्ट ऑफिस सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय सुविधाएं संचालित हैं। ऐसे स्थान पर साप्ताहिक बाजार की यह स्थिति स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।


ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में विभिन्न मदों के तहत विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध होती है। इसके बावजूद बाजार की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होना चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से बाजार परिसर में तत्काल मिट्टी-मुरुम, जल निकासी और नियमित सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।