आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर)मल्हार नगर सहित आसपास के 20 से अधिक गांवों में पिछले कई दिनों से लगातार अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, जले हुए केबल, खराब ट्रांसफॉर्मर एवं तकनीकी खामियों से परेशान नागरिकों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुशील राजा चौबे के नेतृत्व में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा अपनी सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन विभाग को सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन 11 केवी लाइन में फॉल्ट, एलटी लाइन व केबल जलने तथा सब स्टेशन में तकनीकी खराबियों के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इसका सबसे अधिक प्रभाव पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

नागरिकों ने बताया कि हाल ही में आकाशीय बिजली गिरने से मुख्य पैनल जल जाने के कारण पूरे क्षेत्र में लगभग 24 घंटे तक ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। मल्हार में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित होने के बावजूद लोगों को नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। बरसात शुरू होते ही बिजली की समस्या और गंभीर हो गई है।

प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने विभाग द्वारा किए जा रहे रखरखाव कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष वही समस्याएं सामने आती हैं। विभागीय कर्मचारियों ने भी स्वीकार किया कि सब स्टेशन की कई आवश्यक मशीनें जर्जर हो चुकी हैं, जिसके कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है।

घेराव के समय कोई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित नहीं था। प्रदर्शनकारियों ने कनिष्ठ यंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए केबल बदलने, सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने सहित सात प्रमुख मांगों पर 7 दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र जनआंदोलन एवं चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

इस अवसर पर पार्षद कमलेश सिंह, पीयूष पटेल, रमेश यादव, रामफल कांत, मनराखन केवर्त, जगदीश राय, सुजीत राजभानु, रंजन साहू, एल्डरमैन रामनारायण कश्यप, छाया पार्षद गणेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।