सेवा संकल्प अभियान के तहत पर्यटन समितियों ने दिया स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त पर्यटन का संदेश

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)विश्व पर्यटन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में जिले की विभिन्न पर्यटन समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त पर्यटन का संदेश दिया।अभियान के दौरान पर्यटन स्थलों के परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। बिखरे कचरे एवं प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्रित कर उचित निपटान के साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।

     कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विश्व पर्यटन दिवस पर जिलेवासियों से पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। इन धरोहरों का संरक्षण और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों एवं पर्यटकों से आग्रह किया कि पर्यटन स्थलों पर प्लास्टिक एवं अन्य कचरा न फैलाएं और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित पर्यटन स्थल जिले की सकारात्मक पहचान को और मजबूत करने के साथ स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यटन के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होते हैं। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन समितियों के सदस्यों ने “हमारा पर्यटन स्थल—हमारी जिम्मेदारी” की भावना के साथ जिले के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।