सरकंडा पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और दो पावर बैंक सहित करीब 27 हजार रुपए मूल्य का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थिया सबिना बेगम, निवासी मुरूम खदान, अशोक नगर, खमतराई, सरकंडा ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 सितंबर 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ अशोक नगर स्थित निर्माणाधीन मकान में सोई थी। मकान में दरवाजा नहीं था और केवल त्रिपाल लगा हुआ था। 26 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उठने पर कपड़ों के बैग में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र, पायल तथा पड़ोसी रईस खान का मोबाइल और पावर बैंक गायब मिला। अज्ञात चोर सामान चोरी कर ले गया था।

रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1387/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कैलाश साहू उर्फ डैनी (27 वर्ष), पिता संतोष साहू, निवासी डीएलएस कॉलेज के पीछे, मुश्रम खदान, अशोक नगर, सरकंडा, बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो पावर बैंक, एक कीपैड मोबाइल, आर्टिफिशियल ज्वेलरी के 21 बड़े एवं 114 छोटे सिल्वर कलर के आभूषण, मंगलसूत्र सहित अन्य सामान बरामद किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।