पार्कों में चौकीदार नदारद, मरम्मत कार्यों में मिली खामियां; पीएफ-ईएसआईसी और कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी उठे सवाल, गड़बड़ी मिलने पर होगी वसूली और कार्यवाही

देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) नगर निगम क्षेत्र के उद्यानों के रखरखाव और मरम्मत कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। उद्यानों के रखरखाव का काम ठेका एजेंसियों को सौंपा गया है, लेकिन एजेंसियों द्वारा प्रस्तुत भुगतान प्रस्तावों की जांच के दौरान कई खामियां उजागर हुई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब मांगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेका एजेंसियों के भुगतान प्रस्ताव सामने आने के बाद अधीक्षण अभियंता और उप अभियंताओं के माध्यम से उद्यानों का भौतिक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर चौकीदार मौजूद नहीं मिले। इसके अलावा उद्यानों की मरम्मत, ओपन जिम में लगे उपकरणों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में भी कमियां पाई गईं।


जांच में कर्मचारियों की संख्या और उनकी उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठे हैं। बताया गया कि सात कर्मचारियों के पीएफ और ईएसआईसी से संबंधित विवरण का अभाव पाया गया। वहीं, कुछ स्थानों पर कर्मचारियों के मोबाइल नंबर दोहराए जाने की बात भी सामने आई है। इससे कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति और ड्यूटी को लेकर संदेह की स्थिति बनी है।


अधिकारियों द्वारा रात 10 बजे से लेकर 2 बजे तक किए गए निरीक्षण में भी चौकीदारों की मौजूदगी नहीं मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कुछ स्थानों पर कागजों में कर्मचारियों की तैनाती दिखाई जा रही है, जबकि वास्तविक स्थिति अलग हो सकती है।


दो दिन में जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई

नगर निगम प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी कर दो दिन का समय दिया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में भुगतान के नाम पर अनियमितता या गलत जानकारी देना प्रमाणित होता है, तो संबंधित एजेंसियों से राशि की वसूली भी की जाएगी।


इस कार्रवाई के बाद उद्यानों के रखरखाव के नाम पर होने वाले भुगतान और ठेका एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि उद्यानों के रखरखाव में कितनी अनियमितताएं हुई हैं और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं।