वीडियो बनाने के लिए करीब पहुंचे लोग, वन विभाग ने सायरन बजाकर जंगल की ओर खदेड़ा

अमर भारद्वाज सहस्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज

(कोरबा) केंदई वन परिक्षेत्र के चोटिया में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झुंड से अलग घूम रहा एक लोनर हाथी अचानक नेशनल हाईवे पर पहुंच गया। हाथी को देखते ही सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए हाथी के बेहद करीब पहुंच गए।

लोगों को नजदीक आता देख हाथी अचानक आक्रामक हो गया और भीड़ की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देखकर वीडियो बना रहे लोग जान बचाकर भागने लगे। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, चोटिया मुख्य मार्ग के किनारे बांसबाड़ी है, जहां भोजन की तलाश में हाथी अक्सर पहुंचते हैं। केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का झुंड घूम रहा है। इनमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर घूम रहा है, जिसे लोनर हाथी कहा जाता है।

हाथी के हाईवे पर पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सायरन बजाकर सावधानीपूर्वक हाथी को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजा। वन विभाग ने लोगों से हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाकर सेल्फी या वीडियो नहीं बनाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है।