धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(खरसिया-रायगढ़) खरसिया में महिला पत्रकार पूजा जायसवाल के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पत्रकार ने भाजपा जिला मंत्री गायत्री केशरवानी सहित करीब 10 लोगों पर रात लगभग 8 बजे घर में घुसकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान बच्चे भी घर में मौजूद थे, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने पूरा घटनाक्रम देखा।

पूजा जायसवाल के अनुसार, विवाद की शुरुआत WhatsApp पर गलती से भेजे गए एक निजी मैसेज से हुई। उन्होंने एक सम्मान समारोह से जुड़ी खबर गायत्री केशरवानी को भेजी थी। इसी दौरान किसी अन्य व्यक्ति से हुई निजी बातचीत का मैसेज भी गलती से उनके पास चला गया। गलती का एहसास होने पर उन्होंने माफी मांगते हुए स्पष्ट किया था कि संदेश किसी अन्य व्यक्ति के लिए था।


पत्रकार ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें फोन पर धमकियां दी गईं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने घर में लगे CCTV कैमरों में घटना की रिकॉर्डिंग होने का दावा भी किया है।


पूजा जायसवाल का कहना है कि खबर प्रकाशित करना पत्रकार का निर्णय होता है, जो समाचार की महत्ता और जनहित के आधार पर लिया जाता है। किसी खबर को प्रकाशित नहीं करने पर मारपीट करना उचित नहीं है।


पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय चाहिए।


फिलहाल पीड़िता के लगाए आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई और आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि खरसिया पुलिस इस गंभीर मामले में कब कार्रवाई करती है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।