23 युवाओं ने पहली बार किया रक्तदान, 61 वर्षीय ललित अग्रवाल ने 67वीं एवं संदीप गुप्ता ने 76वीं बार किया रक्तदान

चंद्र कुमार निर्णेजक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर)विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर लायंस क्लब भवन, सी.एम.डी. चौक, बिलासपुर में आयोजित 14वें वार्षिक मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 166 यूनिट रक्तदान किया। शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि 23 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा की दिशा में प्रेरणादायक कदम बढ़ाया। पूरे दिन चले इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, बैंक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ यातायात पुलिस डीएसपी रामगोपाल करियारे ने किया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में प्रतिवर्ष लगभग पौने दो लाख लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में हो जाती है। दुर्घटना के बाद का प्रारंभिक समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसे चिकित्सा विज्ञान में "गोल्डन ऑवर" कहा जाता है। यदि इस अवधि में दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को समय पर उपचार मिल जाए तो उसका जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग कानूनी प्रक्रिया या अन्य आशंकाओं के कारण दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने से पीछे हट जाते हैं, जबकि समाज को ऐसे समय आगे आकर मानवता का परिचय देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से "पुलिस मित्र" बनकर जनसेवा, जनजागरूकता तथा दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया। रामगोपाल करियारे ने बताया कि अधिकांश गंभीर दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हेलमेट न पहनना है और नागरिकों को यातायात नियमों का पालन अपनी सुरक्षा के लिए अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने जानकारी दी कि बिलासपुर प्रशासन द्वारा 51 अस्पतालों को दुर्घटना उपचार योजना के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है, जहां दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित को 1.5 लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अंतर्गत 24 घंटे की आपातकालीन चिकित्सा तथा सात दिनों तक उपचार की व्यवस्था शामिल है।

विश्व रक्तदाता दिवस के इस आयोजन में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। अनेक युवाओं ने पहली बार रक्तदान करते हुए इसे समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताया। रक्तदान करने वाले युवाओं को वरिष्ठ रक्तदाताओं एवं आयोजकों द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 61 वर्षीय वरिष्ठ समाजसेवी एवं ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन के चेयरमैन ललित अग्रवाल द्वारा 67वीं बार रक्तदान करना रहा। वहीं आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य एवं Arena Animation Bilaspur के संचालक संदीप गुप्ता ने 76वीं बार रक्तदान कर उपस्थित युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद को नया जीवन देता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। उन्होंने बताया कि वे पूर्णतः स्वस्थ हैं, किसी प्रकार की दवा का सेवन नहीं करते तथा नियमित योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली का पालन करते हैं। उन्होंने युवाओं से जीवन में कम से कम वर्ष में एक बार रक्तदान करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

शिविर में सर्वाधिक रक्तदाता प्रेरित कर लाने के लिए ऑल इंडिया पीएनबी ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रमुख ओमी वर्मा, गजानंद राठौर एवं अवनीश पांडेय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सी.एम.डी. कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है क्योंकि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था के बावजूद आज भी हजारों मरीज प्रतिदिन रक्त की उपलब्धता पर निर्भर रहते हैं। थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, दुर्घटना पीड़ितों, कैंसर रोगियों तथा जटिल शल्य चिकित्सा से गुजर रहे मरीजों के लिए रक्त जीवनरेखा का कार्य करता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि यदि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति वर्ष में एक बार भी रक्तदान करे तो रक्त की कमी जैसी समस्या का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने तथा मानवता के इस महाअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

आयोजन समिति में प्रमुख रूप से ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन के चेयरमैन ललित अग्रवाल, लायंस क्लब एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दयालबंद से मंजीत अरोरा, ज्येष्ठ नागरिक संघ एवं कान्यकुब्ज ब्राह्मण समिति के अध्यक्ष अरविंद दीक्षित तथा Arena Animation Bilaspur से संदीप गुप्ता विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। Arena Animation के समस्त कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम में HANDS से अभिषेक विधानी एवं अविनाश आहूजा, विश्व हिन्दू परिषद से मनीष मोटवानी, सौमित्र गुप्ता एवं नीरज जगयासी, सेवा भारती से नितेश वर्मा एवं रोहित भांगे, पंजाब नेशनल बैंक से गजानंद राठौर, ओमी वर्मा एवं रूबी मंडल, लायंस क्लब से हर्ष पांडे एवं राकेश पांडे, न्यू जेनेरेशन से विशाल मनकानी भारत होजियरी से कैलाश खुशलानी, CETA से मनीष जैन एवं कपिल अग्रवाल, तथा सवेरा एक नई किरण वेलफेयर सोसायटी से शशिनारायण मिश्रा, आईपीएनबीपीए से सुरेंद्र चावड़ा,रूप रतन सिंह, प्रदीप विश्वास, शुभमविहार मानस मंडली से अखिलानंद पांडेय, प्रमोद अवस्थी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह संपूर्ण अभियान एकता ब्लड बैंक के संचालक डॉ. एस.के. गिडवानी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सम्पन्न हुआ। एकता ब्लड बैंक की चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीम ने पूरे दिन अथक परिश्रम कर रक्त संग्रहण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदाताओं की सुविधा सुनिश्चित की, जिसके परिणामस्वरूप शिविर को अप्रत्याशित सफलता प्राप्त हुई।

इस मानवीय अभियान के सफल आयोजन में एरीना एनीमेशन, पिनकल डिज़ाइन एरीना, द फाउंडेशन क्रिकेट अकादमी बिलासपुर, पंजाबी मानव सेवा, सेवा भारती, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, लायंस क्लब बिलासपुर, विनायक नेत्रालय, सवेरा एक नई किरण वेलफेयर सोसायटी, बीएनआई (BNI), न्यू जनरेशन फैमिली स्टोर, HANDS, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), ऑल इंडिया पीएनबी ऑफिसर्स एसोसिएशन बिलासपुर सर्किल, चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, सी.एम.डी. पी.जी. कॉलेज, जिला उद्योग संघ बिलासपुर, शरण्या शिक्षा एवं सेवा समिति, छत्तीसगढ़ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग एसोसिएशन (CETA) तथा रक्तमित्र सहित अनेक सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संगठनों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।

"रक्तदान महादान है — आपका एक निर्णय किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।"