तीन आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एक फरार वारंटी भी गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर ) त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग कर अशांति फैलाने वाले तीन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर जिले में लगातार पेट्रोलिंग और गश्त की जा रही है। इसी दौरान 10 नवंबर 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में विवेक पटेल, आर्यन रात्रे और साहिल खान अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग करते हुए पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तीनों को समझाइश देकर शांत रहने की हिदायत दी। इसके बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं आया और वे लगातार उपद्रव करने पर आमादा रहे।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तथा सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। इसके अलावा पूर्व से फरार चल रहे आरोपी सिद्धार्थ वर्मा के विरुद्ध जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इनके खिलाफ हुई कार्रवाई

विवेक पटेल (30 वर्ष), पिता दुकालू राम पटेल, निवासी मरार गली, मगरपारा।

आर्यन रात्रे (19 वर्ष), पिता प्रदीप रात्रे, निवासी मिनीबस्ती, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर।

साहिल खान (23 वर्ष), पिता मोहम्मद नफीस, निवासी तेलीपारा, संजय ट्रेडर्स, सरजू बगीचा।

सिद्धार्थ वर्मा (39 वर्ष), पिता प्रताप रंजी वर्मा, निवासी विजयापुरम कॉलोनी, सरकंडा (वारंटी)।

पुलिस की सख्त चेतावनी

सिविल लाइन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।