विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु लगातार चलाए जा रहे हैं विशेष जागरूकता अभियान

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(रायपुर)यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दिनांक 01 अगस्त 2026 को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, WRS कॉलोनी रायपुर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक सतीश कुमार ठाकुर ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क संकेतों एवं सुरक्षित आवागमन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग किसी भी स्थिति में दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन का संचालन न करें। साथ ही भविष्य में वाहन चलाने योग्य आयु प्राप्त होने पर हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की सलाह दी।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों तथा दुर्घटना रोकथाम के उपायों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि बचपन से ही सुरक्षित यातायात की आदत विकसित हो सके।

यातायात पुलिस द्वारा नाबालिग वाहन चालकों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही संबंधित पालकों को बुलाकर काउंसलिंग की जा रही है तथा उन्हें अपने बच्चों को वाहन न सौंपने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में स्कूल प्राचार्य अशोक कुमार चंद्राकर, उप प्राचार्य, प्रधानाचार्य, शिक्षक गण सहित कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 900 छात्र - छात्राएं उपस्थित थे।