दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा)आंवला नवमी के पावन अवसर पर चांपा के डागा कॉलोनी बरपाली चौक स्थित रोशन लाल हार्डवेयर स्टोर्स परिसर में अग्रवाल ऐरन परिवार द्वारा धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ आंवला नवमी महापर्व मनाया गया। इस अवसर पर परिवार की कमला देवी अग्रवाल ने अपने घर के आंगन में स्थित आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात परिवार के सदस्यों के साथ आंवले के पेड़ के नीचे प्रसादी भोज का आयोजन किया गया।


इस धार्मिक आयोजन में कमला देवी अग्रवाल के साथ पूरे अग्रवाल ऐरन परिवार के सदस्य शामिल हुए। परिवार के पोता-पोती अंशिका एवं लक्ष्य अग्रवाल ने भी उत्साहपूर्वक पर्व में सहभागिता निभाई। पूजा-अर्चना के बाद सभी ने सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।


इस अवसर पर कमला देवी एवं मधु अग्रवाल ने बताया कि आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा करने और उसकी छाया में भोजन करने की प्राचीन धार्मिक परंपरा है। इस दिन किए गए शुभ एवं पुण्य कार्यों का अक्षय फल प्राप्त होने की मान्यता है। इसी कारण इस पर्व को अक्षय नवमी भी कहा जाता है।


उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी पर भगवान श्रीहरि विष्णु, माता महालक्ष्मी एवं माता सरस्वती की विशेष कृपा प्राप्त होती है। पर्व के माध्यम से परिवार ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक एकजुटता का सुंदर संदेश दिया।