हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ,नए पंजीयन से लेकर त्रुटि सुधार और समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में "विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आमजन तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर 18 जून से 20 जून 2026 तक 3-दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के लिए नए पंजीकरण, त्रुटि सुधार, दस्तावेज़ अद्यतन तथा हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की जाएगी। अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रत्येक अनुविभाग में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

    नोडल अधिकारी शिविरों की समस्त व्यवस्थाओं एवं विभागीय समन्वय की निगरानी करेंगे। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार की अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। 

      मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी 17, 18 एवं 19 जून 2026 को मल्टीपरपज स्कूल असेंबली हॉल पेंड्रा में आयोजित होगी। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से शिविरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई है।