राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

     (सक्ती)राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विकासखंड जैजैपुर के ग्राम पंचायत अकलसरा की निवासी श्रीमती सीमा सिदार इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। उज्ज्वल महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाया है। श्रीमती सीमा सिदार ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आरएफ, सीआईएफ एवं बैंक ऋण की सुविधा प्राप्त हुई। इस सहायता का उपयोग करते हुए उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक दुकान का संचालन शुरू किया। व्यवसाय से होने वाली आय के कारण उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने बताया कि पहले सीमित आय के कारण परिवार का भरण-पोषण और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन था। स्व-सहायता समूह से मिली आर्थिक सहायता एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ ने उन्हें स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान किया। मेहनत और लगन से उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया और आज नियमित आय अर्जित कर रही हैं। श्रीमती सीमा सिदार अब आत्मनिर्भर बन चुकी हैं तथा अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि समूह आधारित आजीविका गतिविधियां ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। आज सीमा सिदार लखपति दीदी के रूप में क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हुई हैं। इस योजना के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।