कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही) बसंतपुर में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिवस पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ कथा का रसपान किया। अमरकंटक पीठाधीश्वर स्वामी रामानुचार्य महाराज के सानिध्य में राघवेंद्राचार्य महाराज अपने श्रीमुख से कथा का वाचन कर रहे हैं। कथा के दौरान भगवान की महिमा, भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

यह धार्मिक आयोजन बसंतपुर में सर्व धर्म के सहयोग और दुर्गा पूजा कमेटी बसंतपुर के तत्वावधान में कराया जा रहा है। कथा स्थल दुर्गा पंडाल के पीछे बस स्टैंड बसंतपुर में बनाया गया है, जहां प्रतिदिन भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और संगीतमय प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।

पूर्व सरपंच प्रदीप पैकरा ने बताया कि क्षेत्र में हर वर्ष इस प्रकार धार्मिक आयोजन कर भगवान रास बिहारी जी की कथा का रसपान कराने का संकल्प लिया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को धर्म, भक्ति और सतमार्ग की ओर प्रेरित करना तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।

उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 9 मार्च से 16 मार्च तक किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रद्धालु दान-पुण्य कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।