धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-कटघोराऊर्जाधानी कोरबा जिले के कटघोरा नगर में गणेशोत्सव के पर्व पर नगर कि जनता एवं श्रद्धालुओं ने अपार भक्ति, और अटूट श्रद्धा के साथ कटघोरा के राजा का स्वागत किया। मंगलवार को नगर में निकली 'कटघोरा के राजा' की भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को आस्था के गहरे रंग में रंग दिया।

शोभायात्रा की शुरुआत अहिरन नदी के पावन तट से हुई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में ध्वज और जुबां पर 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के साथ जैसे ही यह यात्रा आगे बढ़ी, पूरा कटघोरा भक्ति के रस में सराबोर नजर आया।

21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण, जमकर थिरके श्रद्धालु

शोभायात्रा जब नगर के शहीद वीर नारायण चौक पर पहुंची, तो वहां भगवान श्री गणेश की 21 फीट ऊंची अत्यंत नयनाभिराम प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस दौरान आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवा और श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। आकर्षक झांकियों और रोशनी ने नगरवासियों का मन मोह लिया।

101 फीट ऊंचा महाकालेश्वर मंदिर पंडाल विशेष आकर्षण

कटघोरा में इस वर्ष का गणेशोत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। जयदेव गणेशोत्सव समिति द्वारा इस वर्ष 101 फीट ऊंचे उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिकृति वाला भव्य और विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है, जो पूरे संभाग में श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।


जनप्रतिनिधियों ने लिया बप्पा का आशीर्वाद

इस भव्य धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और आयोजन समिति व श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। कटघोरा में गणेशोत्सव का यह उल्लास आगामी दिनों में और भी भव्य रूप लेने जा रहा है।