जल जन चौपाल में ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संकल्प

 कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम   

 (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत भर्रीडांड़ स्थित गगनई जलाशय में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जलाशय एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता गतिविधियों के साथ ही जल जन चौपाल, ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच तथा ग्राम जल सुरक्षा संवाद का आयोजन किया गया। विभागीय अमले द्वारा ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व बताते हुए जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने, पानी का सदुपयोग करने तथा वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक किया गया।

         जल जन चौपाल में ग्रामीणों को बताया गया कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जलाशयों, नदी घाटों एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने में भी मदद मिलती है। ग्रामीणों से जल स्रोतों में कचरा एवं गंदगी नहीं डालने तथा जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, पानी की बर्बादी रोकने तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।