अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(बालोद)सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को सशक्त बनाने के लिए 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन निरंतर जारी है। इसी कड़ी में बालोद विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सिवनी के आंगनवाड़ी केंद्र क्र. 3 में ' आंगन मिलन सेवा का विशेष और भव्य कार्यक्रम हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य और पोषण की सुविधाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

     आंगनबाड़ी परिसर में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, अनाजों, हरी सब्जियों और फलों को आकर्षक रंगोली के रूप में सजाकर कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, विटामिन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी द्वारा महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें विशेष रूप से हीमोग्लोबिन (Hb) की जांच और अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क प्रदान की गईं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सही पोषण आहार, टीकाकरण और शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

 'सेवा संकल्प अभियान' की भावना के अनुरूप कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और स्थानीय महिलाओं का पारंपरिक तरीके से टीका लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

ग्राम सिवनी की निवासी हुनेश्वरी सिन्हा और वर्षा बोदेलकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत 'आंगन मिलन सेवा' के आयोजन से उन्हें बच्चों की बेहतर देखरेख, संतुलित पोषण और समय पर स्वास्थ्य जांच का अमूल्य लाभ मिला है। महिलाओं ने शासन-प्रशासन की इस लोक-कल्याणकारी पहल के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

यह पहल ग्रामीण अंचल में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य स्तर को ऊंचा उठाने, उन्हें जागरूक करने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है