गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, 15 दिन में कार्यवाही नहीं होने पर घेराव की चेतावनी

सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज

(कोरबा-पोड़़ी-उपरोड़ा)वन परिक्षेत्र पसान के बीट पसान अंतर्गत ग्राम पसान स्थित सागवान प्लांट में बेशकीमती सागवान वृक्षों की कटाई और वन भूमि पर बिना अनुमति जेसीबी चलाकर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक पसान इकाई ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ब्लॉक अध्यक्ष दीनानाथ दीनू आयम ने ज्ञापन में बताया कि सागवान प्लांट में पेड़ों की कटाई के संबंध में 31 अगस्त 2026 को पूर्व में कार्यालय को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन के अनुसार, सूचना के बावजूद 4 सितंबर 2026 को ग्राम तेलियामार निवासी संपत द्वारा सागवान काटे जाने का आरोप है।

इसके साथ ही जेसीबी क्रमांक CG 10 AQ 1080 से वन भूमि स्थित सागवान प्लांट के भीतर बिना अनुमति गड्ढे खोदकर कब्जे का प्रयास किए जाने की बात कही गई है। कार्यकर्ताओं द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि टीम को मौके पर उक्त जेसीबी मशीन चलती हुई मिली, इसके बावजूद मशीन को जब्त नहीं किया गया और कथित आरोपी संपत तथा जेसीबी को बिना कार्रवाई के जाने दिया गया।


ज्ञापन में मौके पर डिप्टी रेंजर ईश्वरदास मानिकपुरी की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की मांग की गई है।


पार्टी ने सागवान कटाई के आरोपी पर कड़ी कार्रवाई, जेसीबी को तत्काल जब्त करने तथा डिप्टी रेंजर से स्पष्टीकरण लेने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर वन परिक्षेत्र पसान कार्यालय का घेराव किया जाएगा।