धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन "दिया" कोरबा के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर, बलगी में "डिवाइन वर्कशॉप एवं नशा मुक्ति कार्यशाला" का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संस्कार, व्यक्तित्व विकास, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संत कुमार यादव एवं दिया कोरबा के जिला संयोजक विजेंद्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों एवं दिया कोरबा की टीम ने भी सहभागिता निभाई।

अपने संबोधन में जिला संयोजक विजेंद्र यादव ने कहा, "हाथों में शक्ति, हृदय में संस्कार, युवाओं से ही होगा भारत सशक्त और आत्मनिर्भर।" उन्होंने युवाओं से चरित्रवान, संस्कारवान और राष्ट्रहित में समर्पित नागरिक बनने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता कन्हैया लाल चौहान ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जीवन में सफलता के मूल मंत्र साझा किए। उन्होंने युवाओं को चरित्र निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


दिया नारी शक्ति प्रमुख सविता साहू ने नारी सशक्तिकरण पर प्रभावी उद्बोधन देते हुए रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई और पद्मावती जैसी महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने वर्तमान सामाजिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प भी दिलाया।


वहीं दिया कोरबा के कोषाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा प्रकृति संरक्षण का आह्वान किया।


कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, महिला मंडल एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी उपस्थितजनों ने संस्कारवान, नशामुक्त, पर्यावरण-संरक्षक एवं राष्ट्रनिष्ठ जीवन जीने का सामूहिक संकल्प लिया।


कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्राचार्य संत कुमार यादव, जिला संयोजक विजेंद्र यादव, मुख्य वक्ता कन्हैया लाल चौहान, नारी शक्ति प्रमुख सविता साहू, कोषाध्यक्ष जितेंद्र यादव, आस्था साहू, बसंत कुमार यादव, उमा उपाध्याय, हीरादेवी बेरठ, मधु राठौर, गायत्री यादव, रुक्मणी, अनुपमा, गायत्री साहू, कार्तिक उपाध्याय, रामनारायण, मेंडलेंद्र आचार्य, बृज कुमार बघेला, अर्चना दीवान, रश्मि द्विवेदी, बृहस्पति यादव, अखिल यादव, रजनी साहू, यामिनी वैष्णव, दीपाली साहू, लाला साहू एवं सुषमा साहू सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।