भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) पुनर्वास ग्राम विजयनगर स्थित शासकीय मिडिल स्कूल की छात्राओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर सीआईएसएफ एसईसीएल बिलासपुर इकाई के गेवरा कैंप पहुंचकर जवानों और अधिकारियों को राखी बांधी। सीआईएसएफ प्रमुख डीआईजी रघुवीर नरेन के संयोजन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कमांडेंट संजय कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट सुशील कुमार सहित कैंप के एएसआई एवं जवान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने जवानों को अपने हाथों से निर्मित राखियां बांधकर देशहित में ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कर्तव्य निभाने तथा सामुदायिक सहभागिता में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने किया। उन्होंने सीआईएसएफ की भूमिका तथा पुनर्वास ग्राम के विद्यार्थियों की शैक्षिक स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया।

प्रधान पाठक ने पूर्व डीआईजी नकुल वर्मा द्वारा विद्यालय को गोद लेकर किए गए विद्यार्थी एवं विद्यालय हित के कार्यों का उल्लेख करते हुए आभार व्यक्त किया। साथ ही पूर्व डीआईजी निर्विकार सर द्वारा विद्यालय विकास के लिए सीएमडी एसईसीएल बिलासपुर को भेजे गए अधोसंरचना विकास प्रोजेक्ट को शीघ्र आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने शक्तिनगर रेलवे कॉलोनी से ढुरेना-कोसमंदा होते हुए विजयनगर स्कूल तक एसईसीएल गेवरा के सौजन्य से बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

कमांडेंट संजय कुमार ने विद्यार्थियों को मानसिक गरीबी से दूर रहकर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर 59 छात्राओं एवं महिला मानदेय कर्मी ने जवानों को राखियां बांधीं। महिला अधिकारियों ने प्रधान पाठक सर्वेश सोनी एवं मानदेय कर्मी नकुल यादव को राखी बांधी। सीआईएसएफ की ओर से छात्राओं को नकद राशि, स्वल्पाहार एवं चॉकलेट भेंट की गई। अंत में सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को बस से सुरक्षित विद्यालय पहुंचाया गया।