धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले एकदिवसीय राज्योत्सव समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम का सघन निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान प्रतीक जैन ने मुख्य मंच निर्माण, विद्युत एवं साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा तथा वीआईपी बैठक व्यवस्था को सुचारू बनाने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही आमंत्रित कलाकारों के ठहरने, भोजन, आवास, पेयजल, स्वच्छता, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों की बिंदुवार समीक्षा की गई।


कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रवेश व निकास मार्ग, सुगम पार्किंग व्यवस्था और विभिन्न शासकीय विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी स्टॉलों के लिए एक व्यवस्थित रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की गौरवमयी विकास यात्रा और उपलब्धियों का प्रतीक है, इसलिए पूरा आयोजन सुरक्षित, गरिमापूर्ण और भव्य होना चाहिए।


निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, यांत्रिकी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।