दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) आम नागरिकों को परिवहन विभाग से जुड़े कार्यों के लिए इधर-उधर भटकने से राहत देने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय परिसर में लोक सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। अब परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के आवेदन सीधे कार्यालय परिसर में ही किए जा सकेंगे।

जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने बताया कि पहले ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग लाइसेंस, वाहन संबंधी विभिन्न सेवाओं और अन्य ऑनलाइन आवेदनों के लिए लोगों को अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता था। कई बार जानकारी के अभाव में आवेदकों को अनावश्यक परेशानी और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ता था। इन समस्याओं को देखते हुए परिवहन कार्यालय में ही लोक सेवा केंद्र स्थापित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से परिवहन विभाग की सभी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रियाएं पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएंगी। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ अनावश्यक दौड़-भाग से भी मुक्ति मिलेगी।

परिवहन विभाग का कहना है कि लोक सेवा केंद्र शुरू होने से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आवेदकों को एक ही स्थान पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा नागरिकों को अधिक सुगम और त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।

जिला परिवहन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि परिवहन विभाग से संबंधित किसी भी ऑनलाइन आवेदन के लिए सीधे कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र का लाभ उठाएं और अधिकृत माध्यम से ही अपनी आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।