देवेन्द्र खूटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा)जिले के गोढ़ी देहांतपारा में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में कक्षा छठवीं के 12 वर्षीय छात्र रामकृष्ण मंझवार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने 108 एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण शुक्रवार रात घर में सो रहा था। शनिवार तड़के करीब 5 बजे उसे गले के पास कुछ काटने का एहसास हुआ। नींद में ही उसने पास मौजूद सांप को पकड़कर दूर फेंक दिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन जागे और घर में सांप देखा। परिजनों ने उसे करैत सांप बताया।

सर्पदंश के कुछ ही देर बाद रामकृष्ण की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन पिता दीपक मंझवार के अनुसार काफी इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। बच्चे की हालत बिगड़ती देख वे उसे बाइक से अस्पताल लेकर रवाना हुए। रास्ते में एंबुलेंस मिलने पर बच्चे को उसमें शिफ्ट कर जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान रविवार को रामकृष्ण ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, एंबुलेंस की कथित देरी और मौत के बीच सीधे चिकित्सकीय संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने 108 सेवा को प्रभावी बनाने और सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।