अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)भिलाई-दुर्ग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘देश राग’ में बालको डीपीएस के छात्र छायांक चन्द्रा ने शास्त्रीय संगीत की एकल गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने परिवार, गुरुजनों, विद्यालय और नगर का गौरव बढ़ाया।

नृत्यधाम कला समिति द्वारा 24 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस महोत्सव में नृत्य, संगीत, वाद्य यंत्र, चित्रकला एवं पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। छायांक को शास्त्रीय संगीत की कनिष्ठ श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

छायांक बचपन से ही बालको डीपीएस में संगीत शिक्षक श्री मोरध्वज वैष्णव जी एवं श्री कमलेश शर्मा जी के मार्गदर्शन में संगीत की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। दोनों गुरुजनों के सान्निध्य में उनकी संगीत प्रतिभा निरंतर निखर रही है। वर्तमान में वे नीलिमा स्वर साधना अकादमी की शिक्षिका श्रीमती नीलिमा जायसवाल के सान्निध्य में शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्राप्त कर अपनी संगीत साधना को आगे बढ़ा रहे हैं। छायांक छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आयोजित संगीत प्रतियोगिताओं में भी अनेक पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।


इस उपलब्धि पर छायांक के परिवारजनों ने डीपीएस स्कूल बालको के प्राचार्य श्री कैलाश पवार जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जो विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संगीत एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। साथ ही, विद्यालय में छायांक की संगीत प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संगीत गुरु श्री मोरध्वज वैष्णव जी एवं श्री कमलेश शर्मा जी के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।


छायांक के पिता केशव चन्द्रा बालको संयंत्र में कार्यरत हैं तथा सामाजिक संस्था मानव सेवा मिशन के सक्रिय सदस्य हैं। वे मंच संचालन एवं क्रिकेट कमेंट्री के क्षेत्र में भी अपनी विशेष पहचान रखते हैं। उनकी माता माधुरी चन्द्रा गृहिणी होने के साथ-साथ सुमधुर गायिका भी हैं।


छायांक की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।