दर्री जोन जाने की परेशानी होगी दूर, बिजली बिल और शिकायतों समेत कई सेवाएं मिलेंगी स्थानीय स्तर पर

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-बांकीमोंगरा) विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बांकीमोंगरा क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली है। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष सोनी विकास झा के प्रयास और नगरवासियों के सहयोग से अब क्षेत्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) का नया जोन स्थापित किया जाएगा। इससे बिजली संबंधी कार्यों के लिए उपभोक्ताओं को दर्री जोन कार्यालय जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।


जानकारी के अनुसार CSPDCL के संचालक मंडल की 142वीं बैठक 13 अगस्त 2026 को आयोजित हुई। बैठक में पारित संकल्प के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत 12 नवीन जोन और 2 नवीन वितरण केंद्रों का सृजन किया गया है। इनमें मंगला, कोनी, सरोना, कौशल्या माता विहार, गोगांव, डोंगरगढ़, बांकीमोंगरा, बालोद, बेमेतरा, कांकेर, जशपुर और पेण्ड्रारोड शामिल हैं। वहीं लोरमी (ग्रामीण) और जेवरा-सिरसा में नवीन वितरण केंद्र बनाए जाएंगे।


बांकीमोंगरा में नया जोन शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली बिल से जुड़े कार्य, विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतें, समस्याओं के निराकरण और अन्य विभागीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की संभावना है। इससे लोगों का समय और आने-जाने का खर्च भी बचेगा।


नए जोन की स्वीकृति की जानकारी से नगरवासियों में खुशी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से स्वतंत्र बिजली जोन कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए जोन के गठन को क्षेत्र में बिजली सेवाओं की पहुंच और प्रशासनिक सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।