अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) कुसमुंडा थाना क्षेत्र के पुलिस स्टाफ ने शहीद सब इंस्पेक्टर मूलचंद कंवर के गृहग्राम पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान पुलिस टीम ने शहीद के परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनके प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। मौके पर क्षेत्र के जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप तथा बाता पंचायत के सरपंच कृष्ण कुमार गांधी भी मौजूद रहे।


कुसमुंडा थाना स्टाफ की ओर से उप निरीक्षक आयुब अंसारी, सहायक उप निरीक्षक घनश्याम सिंह राजपूत और आरक्षक विनोद पाटले ने शहीद मूलचंद कंवर के परिजनों से मुलाकात की। पुलिसकर्मियों ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और किसी भी आवश्यकता की स्थिति में सहयोग का आश्वासन दिया।


गौरतलब है कि शहीद मूलचंद कंवर पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कर्तव्य निर्वहन के दौरान नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा, साहस और देश सेवा की भावना को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।


शहीद मूलचंद कंवर मूलतः कोरबा जिले के ग्राम घना डबरी के निवासी थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बाता स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की थी। उनके त्याग और समर्पण को क्षेत्रवासी आज भी प्रेरणा के रूप में देखते हैं।


कुसमुंडा थाना स्टाफ की यह पहल पुलिस विभाग की ओर से अपने वीर साथी और उनके परिवार के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और आत्मीय जुड़ाव का संदेश देती है।