भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति के सचिव अविनाश सिंह ने प्लांट प्रबंधन को सौंपा लिखित आवेदन

सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा)जेएसडब्ल्यू प्लांट से जुड़े भूविस्थापित परिवारों को दीपावली के अवसर पर कर्मचारियों की तरह वार्षिक बोनस देने की मांग उठी है। भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति के सचिव अविनाश सिंह ने इस संबंध में प्लांट प्रबंधन को लिखित आवेदन देकर उचित राशि निर्धारित कर वर्ष में एक बार बोनस प्रदान करने का आग्रह किया है।


समिति के अनुसार रोजगार के एवज में जीवनयापन के लिए प्लांट प्रबंधन द्वारा 8 भूविस्थापित गांवों के 624 लाभार्थी परिवारों को प्रतिमाह जीवन निर्वाह भत्ता (पेंशन) दिया जाता है। समिति का कहना है कि मासिक भत्ते के अतिरिक्त वर्षभर में लाभार्थियों को बोनस के रूप में कोई राशि नहीं मिलती है।


अविनाश सिंह ने कहा कि भूविस्थापित परिवार प्लांट के सुचारू संचालन में यथासंभव सहयोग करते रहे हैं। प्लांट प्रबंधन के आग्रह पर समिति के सदस्य अब हर छह माह में जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के लिए भी सहमत हो गए हैं। समिति द्वारा अपनी मांगें हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से प्रबंधन के समक्ष रखी जाती रही हैं।


समिति ने मांग की है कि इस वर्ष दीपावली पर भूविस्थापित लाभार्थियों के लिए भी वार्षिक बोनस की व्यवस्था की जाए। इसके लिए प्लांट प्रबंधन अपनी ओर से उचित राशि निर्धारित कर सकता है। समिति का कहना है कि इससे लाभार्थी परिवारों में असंतोष या उपेक्षा की भावना कम होगी और उन्हें प्लांट का महत्वपूर्ण हिस्सा होने का एहसास भी होगा। समिति ने प्रबंधन से मांग पर सकारात्मक विचार कर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है।