31 दिसंबर तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर, मौके पर केवाईसी, नए बैंक खाते और बीमा से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध

सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(मुंगेली)भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 21 अक्टूबर 2026 को विकासखंड पथरिया की ग्राम पंचायत चंद्रखुरी में एक दिवसीय जन सुरक्षा एवं वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना, बचत के प्रति जागरूक करना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाना और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन लीड बैंक प्रबंधक (LDM) धर्मेंद्र मूंदड़ा के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश तथा लीड बैंक मुंगेली के वित्तीय साक्षरता केंद्र (FLC) के अरविन्द विश्वास के सहयोग से किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा प्रायोजित वित्तीय साक्षरता अभियान समर्पित संस्था, बिलासपुर के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसमें संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर नाज़नीन अली, स्टेट डायरेक्टर हितेश मिश्रा, क्षेत्रीय अधिकारी नसीम श्रीवास और सेंटर इंचार्ज धनंजय गर्ग का मार्गदर्शन मिल रहा है।

शिविर में एसबीआई शाखा चंद्रखुरी के असिस्टेंट मैनेजर प्रदीप चंद्रा, सरपंच रामदयाल मंडन, ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पुरुषोत्तम यादव एवं सरवन राजपूत, वित्तीय साक्षरता प्रसार कार्यकर्ता उषा श्रीवास और समर्पित संस्था के अमित यादव उपस्थित रहे।

बचत, बजट और साइबर सुरक्षा पर जोर

अमित यादव ने ग्रामीणों को नियमित बचत, घरेलू बजट तैयार करने, आय-व्यय में संतुलन बनाए रखने और बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी। डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ एटीएम पिन, ओटीपी या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

मौके पर मिलीं बैंकिंग सुविधाएं

शिविर में ग्रामीणों की ई-केवाईसी, नए बचत खाते खोलने, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य किया गया। पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

LDM धर्मेंद्र मूंदड़ा ने बताया कि 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीणों ने पहल का स्वागत किया। सरपंच रामदयाल मंडन ने बैंक अधिकारियों और समर्पित संस्था की टीम के प्रति आभार जताया।