हसदेव नदी में सुबह-सुबह खनिज विभाग की दबिश, कुछ वाहन नदी में फंसे तो कुछ छोड़कर भागे आरोपी

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग जिला ब्यूरो चीफ

(कोरबा)कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतों पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया।

खनिज विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान हसदेव नदी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते वाहन पाए गए। कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ वाहन चालक मौके से फरार हो गए और वाहन वहीं छोड़ गए, जबकि कुछ वाहन नदी में फंस गए। नगर पालिक निगम कोरबा की मदद से नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकाला गया।

जब्त किए गए वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा एवं खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित प्रकरणों में खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा तथा शासन के राजस्व को होने वाली क्षति को रोकना विभाग की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।