रामलाल कुर्रे रिपोर्टर उरगा कोरबा

(कोरबा-बरपाली)ग्राम बरपाली के बाजार मोहल्ले में माँ मड़वारानी मंदिर से जैत-स्तंभ तक CSR मद से निर्मित CC रोड के घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क का निर्माण अडानी (लैको अमरकंटक) के CSR मद से करीब 15 से 16 लाख रुपए की लागत से कराया गया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण पूरा होने के महज तीन माह के भीतर पहली ही बारिश में सड़क कई स्थानों से उखड़ गई और जगह-जगह गड्ढे हो गए। इससे निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले संबंधित कर्मचारियों तथा निर्माण एजेंसी ने अपने दायित्वों का उचित निर्वहन नहीं किया। सड़क की खराब स्थिति से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मंदिर आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वतंत्र विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदार अथवा निर्माण एजेंसी और संबंधित कर्मचारियों पर नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही निर्माण में हुए नुकसान की वित्तीय वसूली कर सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनहित में आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होंगे।