विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही) भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के अंतर्गत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर तैयार मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन जिले के सभी मतदान केंद्रों एवं निर्धारित स्थानों पर किया गया है। इस संबंध में आज जिला निर्वाचन कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 24-मरवाही एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 25-कोटा के अंतर्गत मतदान केंद्र क्रमांक 01 से 70 तक की फोटोयुक्त मतदाता सूची की एक-एक मुद्रित प्रति तथा फोटो रहित मतदाता सूची की सॉफ्टकॉपी सीडी के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। 

     बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन से संबंधित प्रपत्र 6, 7 एवं 8 तथा दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सकें। इस कार्य में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।