भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) हिन्द मजदूर सभा (HMS) से संबद्ध श्रमिक संगठन कोयला मजदूर पंचायत का साधारण सभा सम्मेलन 11 नवंबर 2026 को सोहागपुर क्षेत्र स्थित स्टाफ जिम क्लब में आयोजित किया गया। सम्मेलन में SECL के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 230 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान श्रमिकों की लंबित समस्याओं, संगठन की भावी रणनीति और आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से रेशमलाल यादव को संगठन का केंद्रीय अध्यक्ष तथा विनय सिंह को केंद्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया। दोनों पदाधिकारियों को केंद्रीय कार्यकारिणी के गठन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

श्रमिक समस्याओं पर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी

सम्मेलन में नए लेबर कोड के तहत गठित राष्ट्रीय बोर्डों में श्रमिक संगठनों को प्रतिनिधित्व देने, स्थायी कर्मचारियों को पूरा ओवरटाइम भुगतान करने, महिला श्रमिकों को संडे ड्यूटी का अवसर देने और पदोन्नति संबंधी विसंगतियां दूर करने की मांग उठाई गई।

ठेका मजदूरों से 12 से 24 घंटे तक काम लेने, ओवरटाइम और बोनस का भुगतान नहीं करने पर भी नाराजगी जताई गई। संगठन ने बताया कि उसकी शिकायत और प्रयासों के बाद मिनसोल कंपनी ने चोटिल ठेका श्रमिक को 31 अक्टूबर 2026 को 3,74,364 रुपये का मुआवजा भुगतान किया।

इसके अलावा गंभीर बीमार कर्मचारियों और सेवानिवृत्ति के करीब पहुंचे कर्मियों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थानांतरण, खदानों में पेयजल की कमी, भीषण गर्मी, कोयले की धूल और सिविल कार्यों में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया गया।

सम्मेलन में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, ठेका मजदूरों की बोनस पात्रता सूची सार्वजनिक करने और नियम विरुद्ध स्थानांतरण निरस्त करने सहित कई प्रस्ताव पारित किए गए।


नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेशमलाल यादव और महासचिव विनय सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों को लेकर SECL के सीएमडी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाधान नहीं होने पर बिलासपुर स्थित SECL मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।